◆ इंदौर पुलिस ने डिलीवरी पार्टनर्स को बनाया साइबर सुरक्षा का जागरूकता दूत।
◆ प्रतिदिन हजारों नागरिकों के संपर्क में रहने वाले डिलीवरी पार्टनर्स अब देंगे सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा मध्यप्रदेश पुलिस के “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से Zepto एवं Zomato के डिलीवरी पार्टनर्स के लिए एक विशेष जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री अमन सिंह राठौड़ ने उपस्थित डिलीवरी पार्टनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि वे प्रतिदिन हजारों नागरिकों के सीधे संपर्क में रहते हैं। ऐसे में वे न केवल स्वयं साइबर अपराधों से सतर्क रह सकते हैं, बल्कि आमजन तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाकर समाज में जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान डिलीवरी पार्टनर्स को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे विभिन्न साइबर अपराधों, जैसे डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, फिशिंग लिंक, फर्जी लोन ऐप, स्क्रीन शेयरिंग ऐप, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, क्यूआर कोड स्कैम तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक एवं प्रभावी उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए तरीकों से भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री अमन सिंह राठौड़ एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री अमरेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से स्वयं सतर्क एवं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों, सहकर्मियों एवं ग्राहकों को भी साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने की अपील की, ताकि एक सुरक्षित एवं जागरूक डिजिटल समाज का निर्माण किया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी डिलीवरी पार्टनर्स को साइबर सुरक्षा शपथ दिलाई गई। उन्होंने संकल्प लिया कि वे साइबर अपराधों के प्रति सदैव सतर्क रहेंगे, किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक, क्यूआर कोड अथवा ऑनलाइन लेन-देन पर बिना पुष्टि के विश्वास नहीं करेंगे तथा साइबर ठगी की किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएंगे।
“सेफ क्लिक 2.0” अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना, डिजिटल अपराधों की रोकथाम करना तथा प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इंदौर पुलिस द्वारा अभियान के तहत विभिन्न संस्थानों, शैक्षणिक परिसरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं सामाजिक समूहों के माध्यम से लगातार व्यापक जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।





