🔹 पुलिस कमिश्नर इंदौर ने साइबर सुरक्षा मार्गदर्शिका हैंडबुक का विमोचन कर, किया सभी से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
🔹 “SAFE CLICK 2.0” सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर किया सभी को डिजिटल लाइफ़ में सेफ़ क्लिक करने के लिए प्रेरित।
🔹साइबर सुरक्षा की शपथ लेकर स्वयं जागरूक रहने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने का लिया संकल्प।
इंदौर, 04 जुलाई 2026।
साइबर अपराधों की रोकथाम व इसके प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “SAFE CLICK 2.0” अभियान के अंतर्गत आज इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा मीडिया, सोशल मीडिया इन्फ्लूएंजर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स के साथ एक विशेष सेमिनार एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) श्री मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त ज़ोन-01 श्री नरेंद्र रावत, पुलिस उपायुक्त ज़ोन-03 श्री अभिषेक रंजन, पुलिस उपायुक्त ज़ोन-04 श्री सुनील कुमार मेहता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ज़ोन-02 श्री अमरेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त क्राइम श्रीमती मीना चौहान सहित 100 से अधिक मीडिया प्रतिनिधि, सोशल मीडिया इन्फ्लूएंजर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी से युक्त “साइबर सुरक्षा मार्गदर्शिका हैंडबुक” का विमोचन किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और इनसे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जन-जागरूकता है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम में समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से अपील करी, कि वे अपनी व्यापक पहुंच और प्रभाव का उपयोग करते हुए साइबर सुरक्षा का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर आयोजित “SAFE CLICK 2.0” सेल्फी पॉइंट पर पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने सेल्फी लेकर, सभी उपस्थित जनों के साथ सहभागिता करते हुए अभियान से जुड़ने और साइबर सुरक्षा को जन-जन का आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर इंदौर व अधिकारियों सहित उपस्थित सभी लोगों ने साइबर सुरक्षा की शपथ भी ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सदैव सतर्क एवं जागरूक रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सतर्कता के प्रति जागरूक करने का निरंतर प्रयास करेंगे।
उपस्थित सभी मीडिया एवं सोशल मीडिया साथियों ने भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने और लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री अमरेंद्र सिंह द्वारा करते हुए “SAFE CLICK 2.0” अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की और सभी को साइबर अपराधों के नवीन तरीकों, डिजिटल सुरक्षा उपायों तथा जन-जागरूकता की आवश्यकता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
अंत में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त क्राइम श्रीमती मीना चौहान द्वारा इस महत्वपूर्ण आयोजन में सहभागी बनने वाले सभी अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों, सोशल मीडिया इन्फ्लूएंजर्स एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इंदौर पुलिस का यह प्रयास साइबर सुरक्षा को एक जनभागीदारी आधारित अभियान बनाकर प्रत्येक नागरिक तक सुरक्षा, सतर्कता और जागरूकता का संदेश पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






