- इंदौर पुलिस की टीम ने महिलाओं व बच्चियों को कराया, महिला सशक्तिकरण की दिशा में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श व योगदान से रूबरू।
- सभी को दिया ये संदेश कि, प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और सफलता ही बढ़ाएगी, समाज में नारी का महत्व व मान – सम्मान ।
इन्दौर – महिला सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में, महिला एवं बच्चों के विरूद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम को दृष्टिगत रखते हुए, इंदौर कमिश्नरेट के थाना संयोगितागंज अंतर्गत श्यामाचरण शुक्ला नगर में महिलाओं और बच्चियों को महिला अपराध के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
गौरतलब है कि बालिकाओं एवं महिलाओं को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने तथा उनकी सुरक्षा और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से सामुदायिक पुलिसिंग के तहत पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार के मार्गदर्शन में इन्दौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा ‘‘सृजन-नई दिशा नया गगन’’ सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में अति. पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) सुश्री संध्या राय, सहायक पुलिस आयुक्त संयोगितागंज श्री तुषार सिंह व थाना प्रभारी संयोगितागंज श्री सतीष पटेल एवं टीम ने क्षेत्र की श्यामाचरण शक्ल नगर में पहुंच करीब 300 महिलाओं व बच्चियों को महिलाओं से जुड़े सामान्य अपराधों, मानव दुर्व्यापार व सामाजिक बातों की जानकारी के साथ, पुलिस द्वारा चलाये जा रहे सृजन कार्यक्रम की रूपरेखा व उद्देश्य से भी अवगत करवाया।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं व बच्चियों से रूबरू होते हुए उन्हें महिला सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के बारें में जानकारी देते हुए बताया कि, माता अहिल्याबाई होलकर ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक आदर्श प्रस्तुत किया है। उनका जीवन यह सिखाता है कि महिलाएं अगर सही अवसर और मार्गदर्शन प्राप्त करती हैं तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने न केवल राजनीतिक क्षेत्र में बल्कि सामाजिक, धार्मिक और आर्थिक क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय कार्य कर, महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनका आदर्श जीवन हमें यह सिखाता है कि अगर हम महिला सशक्तिकरण की दिशा में सही कदम उठाते हैं, तो हम समाज में समानता और विकास की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
उक्त कार्यक्रम में अति पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध)सुश्री संध्या राय द्वारा महिलाओं व बच्चियों को किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार , छेड़छाड़ आदि की घटना होने पर निडर होकर सामना करने व तुरंत पुलिस को बताने के बारे में बताया गया। वहीं सहा. पुलिस आयुक्त संयोगितागंज श्री तुषार सिंह द्वारा बच्चियों को किसी भी ऐसी परेशानी व अपराध को न छिपाकर, उसे अपने अभिभावको व पुलिस को बताने के संबंध में समझाईश दी गयी। थाना प्रभारी संयोगितागंज द्वारा सभी लोगों को पुलिस के विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों की जानकारी देते हुए वर्तमान के साइबर अपराधों के साथ नशे के दुष्परिणामों के बारें में भी जागरूक किया।