- विभिन्न कंपनियों में निवेश राशि पर 05 से 10 प्रतिशत प्रॉफिट दिलाने का झूठा आश्वासन देकर करते थे ठगी।
- आरोपियों के विरुद्ध थाना अपराध शाखा इंदौर में पंजीबद्ध किया था धोखाधड़ी का प्रकरण जिसमें आरोपी चल रहे थे फरार…, पुलिस ने आरोपी नीतिन जोशी व परागिता जोशी को किया गिरफ्तार।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में आर्थिक अपराधों एवं निवेश के नाम पर की जाने वाली धोखाधड़ी के विरुद्ध पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के दिशा निर्देशन में तथा पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा निरंतर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इसी अनुक्रम में आवेदकों ने वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष स्वयं के साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत प्रस्तुत की थी। जांच में पाया गया कि आरोपीगण नीतिन जोशी एवं परागिता जोशी ने शेयर मार्केट में निवेश कर प्रॉफिट दिलाने का झूठा आश्वासन दिया। इस प्रकार उन्होंने आवेदिका से मार्च 2022 से सितम्बर 2023 के बीच करीब 88 लाख रुपये नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त किए। इसी तरह एक अन्य आवेदक से मार्च 2025 से दिसम्बर 2025 के बीच करीब 75 लाख रुपये नगद, ऑनलाइन एवं क्रेडिट कार्ड के माध्यम से प्राप्त किए।
जांच उपरांत थाना क्राइम ब्रांच, इंदौर में आरोपीगण के विरुद्ध अपराध धारा 316(2), 316(5), 318(4), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
उक्त अपराध पंजीबद्ध होने के बाद लगभग 50 अन्य लोगों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने नगद, चैक एवं आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी नीतिन जोशी एवं परागिता जोशी द्वारा लगभग 10 करोड़ रुपये निवेश के नाम पर लेकर धोखाधड़ी करना बताया।
दिनांक 20.11.2026 को आरोपीगण नीतिन जोशी एवं परागिता जोशी को गिरफ्तार किया गया।
लोगों को प्रलोभन देने का तरीका:- अधिकांश आवेदकगण पूजा-पाठ करते हैं, जो आरोपीगण के घर पर जाकर हवन व अनुष्ठान करते थे। आरोपीगण उन्हें कुछ रुपये दान स्वरूप देते थे, फिर उनका भरोसा जीतकर उनसे विभिन्न कंपनियों में निवेश पर 5 प्रतिशत से लेकर 10 प्रतिशत तक का मुनाफा हर माह देने का लालच देकर रुपये लेकर फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है, प्रकरण में विवेचना के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।


