- कनाडा एवं अलास्का क्रूज यात्रा, वीजा और एयर टिकट बुकिंग के नाम पर फरियादी से की थी लाखों रुपये की ठगी
- स्वयं को टूर एंड ट्रैवल्स एजेंट बताकर फरियादी एवं उनके परिवार को विदेश यात्रा कराने का दिया था झांसा।
- आरोपिया ने अपने पति के बैंक खाते में ₹8,67,947/- तथा होटल एवं टिकट बुकिंग के नाम पर ₹5,70,055/- सहित कुल ₹14,38,002/- की राशि जमा करवा की थी धोखाधड़ी।
- गलत बायोमेट्रिक तिथि एवं फर्जी एयर टिकट पीएनआर (PNR) उपलब्ध कराकर करती रही गुमराह, बाद में मोबाइल बंद कर हो गई थी फरार।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आर्थिक अपराधों एवं धोखाधड़ी के प्रकरणों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ तथा उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाही हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त (अपराध) के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा विदेश यात्रा के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाली महिला आरोपिया को गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण में फरियादी एवं उनके पुत्र द्वारा पुलिस उपायुक्त (अपराध) कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनके परिवार द्वारा कनाडा एवं अलास्का क्रूज की विदेश यात्रा की योजना बनाई गई थी। इसी दौरान एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात पूजा सिंह उर्फ पूजा तिवारी निवासी हरियाणा से हुई थी। आरोपिया ने स्वयं को टूर एंड ट्रैवल्स एजेंट बताते हुए कम शुल्क में कनाडा वीजा, क्रूज रिजर्वेशन, होटल बुकिंग एवं एयर टिकट उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
आरोपिया ने फरियादी एवं उनके परिवार को विश्वास में लेकर नवंबर से दिसंबर 2025 के बीच विभिन्न माध्यमों से अपने पति के बैंक खाते में आरटीजीएस, चेक एवं ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए ₹8,67,947/- की राशि जमा करवाई। इसके अतिरिक्त मेक माय ट्रिप एवं एयरबीएनबी (Airbnb) के माध्यम से होटल एवं टिकट बुकिंग कराने के नाम पर ₹5,70,055/- और प्राप्त किए। इस प्रकार आरोपिया ने कुल ₹14,38,002/- की राशि प्राप्त कर ली।
राशि प्राप्त करने के बाद आरोपिया ने न तो वीजा उपलब्ध कराया और न ही वास्तविक यात्रा टिकट दिए। फरियादी को गुमराह करने के उद्देश्य से गलत बायोमेट्रिक तिथि एवं फर्जी एयर टिकट पीएनआर (PNR) उपलब्ध कराए तथा लगातार टालमटोल करती रही। बाद में अपना मोबाइल फोन बंद कर फरियादी से संपर्क समाप्त कर फरार हो गई।
क्राइम ब्रांच द्वारा शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी एवं आपराधिक न्यासभंग का अपराध पाए जाने पर थाना अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) इंदौर में अपराध धारा 318(4), 316(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान क्राइम ब्रांच टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं लगातार पतारसी के आधार पर प्रकरण में फरार चल रही आरोपिया पूजा सिंह उर्फ पूजा तिवारी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।
गिरफ्तार आरोपिया : – पूजा सिंह उर्फ पूजा तिवारी, हरियाणा
आरोपिया से धोखाधड़ी की राशि की बरामदगी, राशि के उपयोग तथा इस अपराध में अन्य संभावित व्यक्तियों की संलिप्तता के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही एवं विवेचना जारी है।
सराहनीय भूमिका- उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी अपराध शाखा के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच इंदौर की टीम की महत्वपूर्ण एवं अहम भूमिका रही।


