- पुलिस कमिश्नर इंदौर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना और शुभकामनाएं दी।
- 14 राज्यों के बाइक राइडर्स ‘‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत, स्वस्थ भारत’ की भावना के साथ ही, कर रहे हैं आमजन को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित।
इंदौर, 24 अक्टूबर 2026। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में सहभागिता तथा राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशव्यापी यात्रा पर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली आज इंदौर से अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह सहित अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।
14 राज्यों के बाइक राइडर्स की सहभागिता – केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के समन्वय से आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान में मध्यप्रदेश सहित देश के 14 राज्यों के 146 बाइक राइडर्स सहभागिता कर रहे हैं। लगभग 2,600 किलोमीटर से अधिक की यात्रा तय कर इंदौर पहुंची इस रैली में मध्यप्रदेश पुलिस का सात सदस्यीय बाइक राइडर्स दल भी शामिल है। इंदौर आगमन के दौरान इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने भी इस अभियान में सहभागिता करते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरकर आमजन को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक किया।
पुलिस कमिश्नर ने बाइक राइडर्स का अभिवादन करते हुए मेडल प्रदान कर किया सम्मान – रैली के फ्लैग ऑफ समारोह में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने विभिन्न राज्यों से आए पुलिस परिवार के बाइक राइडर्स का अभिवादन किया तथा उन्हें मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह मोटरसाइकिल रैली केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, साहस और नशे के विरुद्ध जनजागरण का राष्ट्रव्यापी अभियान है।
उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित यह रैली देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ करने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी व्यक्त करती है। विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों के जांबाज राइडर्स ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत, स्वस्थ भारत’ की भावना को मजबूत करने और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने सभी बाइक राइडर्स को सुरक्षित यात्रा तथा राष्ट्रीय एकता दिवस के गरिमामयी आयोजन में सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इंदौर से रवाना हुई राष्ट्रीय बाइक रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए अलीराजपुर पहुंचेगी और वहां से गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) के लिए प्रस्थान करेगी। रैली में शामिल बाइक राइडर्स रास्ते में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करते हुए 31 अक्टूबर को आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में सहभागिता करेंगे।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) श्री मयंक अवस्थी, सभी पुलिस उपायुक्तगण, विभिन्न राज्यों से आए पुलिस बाइक राइडर्स, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अधिकारी तथा इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक बाइक राइडर्स का अभिनंदन करते हुए उन्हें अगले पड़ाव के लिए रवाना किया।



