- इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप पर लगातार बढ़ रही हैं आमजन की भागीदारी 10 दिनों में ऐप पर जुड़े 14,931 नए यूजर
- 10 दिनों में 3,648 शिकायतें हुई प्राप्त, जिन पर ट्रैफिक पुलिस ने की त्वरित कार्यवाही।
- यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई में सराहनीय योगदान देने वाले यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद दांगी एवं महिला आरक्षक नेहा मिश्रा भी हुए पुरस्कृत।
इंदौर शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने तथा आम नागरिकों को यातायात प्रबंधन में सहभागी बनाने के उद्देश्य से, पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के दिशा निर्देशन में इंदौर यातायात पुलिस द्वारा प्रारंभ किए गए इंदौर ट्रैफिक साथी एप के माध्यम से उल्लेखनीय जनभागीदारी सामने आ रही है।
इसी क्रम में ट्रैफिक साथी एप के माध्यम से यातायात नियमों के पालन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा नागरिकों को जिम्मेदार यातायात व्यवहार के लिए प्रेरित करने में सराहनीय योगदान देने वाले जिम्मेदार नागरिकगण श्री विकास गुप्ता, श्री आयुष दाक एवं श्री सिद्धार्थ जैन को पुलिस कमिश्नर नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा शील्ड , प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने सम्मानित नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना पुलिस के साथ साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इंदौर ट्रैफिक साथी एप नागरिकों को यातायात व्यवस्था से सीधे जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम है। नागरिकों द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन की जानकारी साझा करने से पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने और यातायात व्यवस्था में सुधार लाने में मदद मिल रही है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें तथा ट्रैफिक साथी एप के माध्यम से जिम्मेदार नागरिक के रूप में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर एवं सुरक्षित बनाने में सक्रिय योगदान दें।
🔸 ट्रैफिक साथी एप से लगातार बढ़ रहा नागरिकों का जुड़ाव
इंदौर ट्रैफिक साथी एप के प्रति नागरिकों का विश्वास एवं उत्साह लगातार बढ़ रहा है। दिनांक 14 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक 14,931 नए यूजर एप पर पंजीकृत हुए, जिससे एप के कुल पंजीकृत यूजर की संख्या बढ़कर 23,531 हो गई है।
यह बढ़ती जनभागीदारी शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस एवं नागरिकों के बीच मजबूत होते समन्वय और सहयोग को दर्शाती है।
🔸 इंदौर ट्रैफिक साथी एप के सिविलियन रिपोर्ट फीचर के शुरुआत करने के दिनांक 14 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक जागरूक नागरिकों द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन एवं यातायात व्यवस्था संबंधी समस्याओं की कुल 3,648 शिकायतें दर्ज कराई गईं।
प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा 1,516 मामलों में चालानी कार्रवाई की गई, वहीं 382 मामलों में ट्रैफिक पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया तथा शेष शिकायतें अन्य स्थानों व विभागों से संबंधित होने से उन्हें अवगत कराया गया।
इस प्रकार नागरिकों द्वारा दी गई सूचनाओं के आधार पर यातायात सुधार एवं नियमों के पालन की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की गई।
🔸 इंदौर पुलिस की नागरिकों से अपील
इंदौर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे इंदौर ट्रैफिक साथी एप से जुड़कर यातायात नियमों के उल्लंघन एवं यातायात संबंधी समस्याओं की जानकारी पुलिस तक पहुँचाएं। स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस दौरान, साप्ताहिक पुरस्कार कार्यक्रम के तहत यातायात नियमों के पालन के प्रति आमजन को प्रेरित करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया के माध्यम से यातायात पुलिस की कार्रवाई का प्रभावी प्रचार-प्रसार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक श्री अरविंद दांगी तथा इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने में सराहनीय योगदान देने वाली महिला आरक्षक 4726 नेहा मिश्रा को भी पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया तथा उनके कार्यों की सराहना की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर. के. सिंह, पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन श्री राजेश त्रिपाठी, अति पुलिस उपायुक्त अपराध श्री राजेश दंडोतिया व अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी सभी की सराहना कर मनोबल बढ़ाया।
जनभागीदारी से यातायात सुधार की नई पहल – आइए, ट्रैफिक साथी बनकर इंदौर को सुरक्षित बनाएं।



