📞 ट्रैफिक हेल्पलाइन ने पूरा किया एक वर्ष, 4,211 शिकायतों में से 4,184 का किया गया त्वरित निराकरण
इंदौर। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने तथा नागरिकों की यातायात संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, इंदौर पुलिस कमिश्नर के दिशा निर्देशन में संचालित ट्रैफिक हेल्पलाइन ने अपना एक वर्ष पूर्ण किया है।
22 सितंबर 2025 से 21 सितंबर 2026 तक ट्रैफिक हेल्पलाइन पर नागरिकों द्वारा यातायात संबंधी कुल 4,211 शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें से 4,184 शिकायतों का त्वरित निराकरण यातायात पुलिस नगरीय इंदौर द्वारा किया जा चुका है।
ट्रैफिक हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिकों ने शहर में यातायात से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी यातायात पुलिस तक पहुंचाई, जिनमें प्रमुख रूप से—
🔸 अवैध/नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने संबंधी शिकायतें।
🔸 सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने की शिकायतें।
🔸 गलत दिशा से वाहन चलाने एवं नो-वे में प्रवेश करने की शिकायतें।
🔸 फैंसी, गलत अथवा मॉडिफाइड नंबर प्लेट संबंधी शिकायतें।
🔸 रेड सिग्नल जंप करने वाले वाहनों की शिकायतें।
🔸 बिना हेलमेट एवं तीन सवारी चलने संबंधी शिकायतें।
🔸 सड़क के बीच अथवा सर्विस रोड पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने की शिकायतें।
🔸 दुर्घटना की आशंका उत्पन्न करने वाले तरीके से वाहनों को खड़ा करने संबंधी शिकायतें।
🚔 शिकायत मिलते ही मौके पर एक्शन
ट्रैफिक हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों को तत्काल संबंधित यातायात अधिकारी, जोन, बीट एवं व्हील लॉक टीम को सूचित किया जाता है। शिकायत की प्रकृति के अनुसार यातायात पुलिस द्वारा मौके पर टीम भेजकर आवश्यक कार्यवाही की जाती है।
आवश्यकतानुसार वाहन मालिक से फोन पर संपर्क कर वाहन हटवाना, यातायात जाम को तत्काल क्लियर करवाना, संबंधित क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू करना तथा यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्यवाही भी की जाती है।
📱 ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ एप भी बना नागरिकों का प्रभावी माध्यम
इसी क्रम में ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ एप के माध्यम से भी नागरिक लगातार यातायात नियमों के उल्लंघन एवं यातायात संबंधी समस्याओं की जानकारी यातायात पुलिस तक पहुंचा रहे हैं।
21 सितंबर 2026 तक फैंसी नंबर प्लेट, बिना हेलमेट/तीन सवारी, रॉन्ग पार्किंग, ट्रैफिक जाम, रेड सिग्नल जंप एवं नो-वे में प्रवेश जैसी शिकायतों पर चालानी एवं अन्य आवश्यक कार्यवाही की गई है।
📢 यातायात पुलिस की नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस नगरीय इंदौर आमजन से अपील करती है कि शहर में यातायात संबंधी किसी भी समस्या अथवा यातायात नियमों के उल्लंघन की सूचना समय पर ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर दें।
इसके साथ ही यातायात संबंधी अन्य सुविधाओं एवं शिकायतों के लिए ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ एप डाउनलोड करें:
https://indoretrafficsaathi.com/download-app
आपके सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात के लिए
यातायात प्रबंधन पुलिस, महानगर इंदौर सदैव तत्पर।


