- संदिग्ध एडवाइजरी कंपनी के कार्यालय की जांच में सामने आईं अनियमितताएं, संचालिका सहित 08 व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध।
- म्यूल खातों के जरिए होने वाली साइबर एवं वित्तीय धोखाधड़ी पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी..
इंदौर – शहर में साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के प्रकरणों में प्रभावी कार्यवाही के निर्देश पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर द्वारा दिए गए हैं। जिसके परिप्रेक्ष्य पुलिस उपायुक्त जोन-02 श्री अमन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-02 श्री अमरेन्द्र सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त विजय नगर श्री पराग सैनी के मार्गदर्शन में थाना विजय नगर द्वारा म्यूल बैंक खातों एवं संदिग्ध एडवाइजरी कंपनियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में विजय नगर पुलिस ने एक माह के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध एडवाइजरी कंपनी के कार्यालय की जांच में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर कंपनी की संचालिका सहित कुल 08 व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
घटनाक्रम एवं पुलिस कार्रवाई-
विजय नगर पुलिस टीम द्वारा सावित्री एम्पायर बिल्डिंग स्थित कार्यालय क्रमांक 503 की जांच की गई। जांच के दौरान कार्यालय के बाहर ‘D. SAHU COMPANY’ का बोर्ड लगा हुआ पाया गया, जबकि कार्यालय के भीतर ‘जेपी वेल्थ रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड’ का संचालन होना बताया गया।
कार्यालय की जांच के दौरान कंपनी द्वारा प्रस्तुत प्रमाणपत्रों में जयपुर का पता अंकित पाया गया। वहीं, इंदौर स्थित कार्यालय के संचालन एवं वहां कार्यरत कर्मचारियों के सत्यापन से संबंधित अभिलेख मांगे जाने पर संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
जांच में सामने आए तथ्यों एवं प्रथमदृष्टया पाई गई अनियमितताओं के आधार पर पुलिस द्वारा कंपनी की संचालिका सहित कुल 08 व्यक्तियों के विरुद्ध थाना विजय नगर में अपराध क्रमांक 1053/2026, धारा 318(4), 223(ए), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इंदौर पुलिस की आमजन से अपील
इंदौर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी एडवाइजरी कंपनी अथवा निवेश संबंधी संस्था में पैसा लगाने से पहले उसके पंजीयन, अधिकृत अनुमति एवं अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच अवश्य करें। निश्चित एवं गारंटीड मुनाफे का लालच देने वाली योजनाओं से सावधान रहें।
🔹 किसी भी अनजान व्यक्ति को कमीशन या अन्य प्रलोभन में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी उपलब्ध न कराएं।
🔹 अपने बैंक खाते का उपयोग किसी अन्य व्यक्ति को न करने दें। आपके खाते का इस्तेमाल म्यूल अकाउंट के रूप में साइबर अपराध एवं वित्तीय धोखाधड़ी में किया जा सकता है।
🔹 किसी भी संदिग्ध निवेश योजना अथवा वित्तीय गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
इंदौर पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।


