- अभी तक 6000 से अधिक ई–रिक्शा के सेक्टर रजिस्ट्रेशन किए जा चुके है पूर्ण ।
- अलग अलग कलर कोड के हिसाब से संबंधित ज़ोन में किया जाएगा ई रिक्शा का संचालन।
- सेक्टर वितरण का उद्देश्य शहर में ई–रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाना है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो।
इंदौर शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस द्वारा नित नए प्रयास किये जा रहे है, जिसके तहत ही ई-रिक्शा के सुव्यवस्थित संचालन हेतु आज दिनांक 21 अप्रैल 2026 को पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह की विशेष उपस्थिति में ई-रिक्शा संचालन की कलर कोडिंग सेक्टर व्यवस्था का शुभारंभ किया गया।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आरके सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी व यातायात के अधिकारीगण व बैटरी ई-रिक्शा संघ के अध्यक्ष श्री राजेश बिडकर तथा ई-रिक्शा प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
शहर में ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं नियंत्रित करने के उद्देश्य से निम्न व्यवस्थाओं पर कार्य किया जा रहा है :-
- शहर का जोनवार विभाजन :- ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने हेतु शहर को संबंधित यातायात के 4 जोन के आधार पर 4 सेक्टरो में विभाजित किया गया है।
- जोनवार पहचान हेतु रंग निर्धारण:- प्रत्येक जोन के ई-रिक्शाओं का रंग अलग-अलग निर्धारित किया गया है, जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सके।
जोन 1 – नीला (ब्लू)
जोन 2 – पीला (येलो)
जोन 3 – लाल (रेड)
जोन 4 – सफेद (व्हाइट)
- सेक्टर आवंटन प्रक्रिया:- ई-रिक्शाओं को जोन/सेक्टर का आवंटन “पहले आओ, पहले पाओ” (फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व) के आधार पर किया जा रहा है।
- एक मालिक के एकाधिक ई-रिक्शा:- यदि किसी व्यक्ति के पास एक से अधिक ई-रिक्शा हैं, तो उसके सभी ई-रिक्शाओं को अलग-अलग जोन में आवंटित किया जाएगा, जिससे किसी एक क्षेत्र में अत्यधिक दबाव न बने।
- पंजीयन हेतु निर्धारित प्रोफार्मा:- ई-रिक्शा पंजीयन के लिए एक निर्धारित प्रोफार्मा उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके अनुसार सभी आवेदकों को आवश्यक जानकारी भरकर पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।
अभी तक 6000 से अधिक ई-रिक्शा चालकों के सेक्टर रजिस्ट्रेशन पूर्ण किये जा चुके है।
उपरोक्त व्यवस्थाओं का उद्देश्य शहर में ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाना है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
यातायात पुलिस द्वारा सभी ई-रिक्शा चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें तथा शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।






