• सभी को नो एंट्री सहित यातायात नियमों के पालन के साथ ही दी, ट्रैफिक प्रहरी अभियान की भी जानकारी।

 

इंदौर- शहर में सुगम, सुरक्षित व सुखद यातायात हेतु पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा प्रभावी कार्यवाही के साथ जनजागरूकता कार्यक्रमों के लिए भी निर्देशित किया गया है। जिसके परिपेक्ष्य में  अति. पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह तथा डीसीपी (जोन4/ यातायात) श्री आनंद कलादगी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए लगातार कार्यवाही के साथ ही जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

 

इसी कड़ी में आज शाम पैकर्स एंड मूवर्स एसोसिएशन ऑफ इंदौर एवं ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े संगठन के अधिकारियों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एसीपी ट्रैफिक जोन-2 श्री मनोज खत्री एवं सूबेदार यातायात श्री काजिम हुसैन रिजवी द्वारा लगभग 70 सदस्यों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। अधिकारियों ने उपस्थित सदस्यों को ट्रकों के संचालन में यातायात नियमों का पालन, नो-एंट्री के समयों का सख्ती से पालन करने, तथा हेलमेट जागरूकता जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

 

साथ ही, “ट्रैफिक प्रहरी अभियान” के अंतर्गत नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से सभी सदस्यों को इस अभियान में जुड़ने की प्रक्रिया जैसे रजिस्ट्रेशन, जिम्मेदारियाँ एवं यातायात व्यवस्था में सहयोग के तरीके समझाए गए। कार्यशाला के दौरान उपस्थित अधिकांश सदस्यों ने तत्काल क्यूआर कोड स्कैन कर “ट्रैफिक प्रहरी” अभियान में पंजीयन किया और यातायात पुलिस के इस जनसहभागिता प्रयास की सराहना की।

इस अवसर पर ट्रांसपोर्ट यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारी श्री भरत शर्मा, श्री राजेन्द्र जांगड़ा, श्री जी.आर. खरे, श्री गजानन दुनगरे, श्री देव सिंह राजपूत, श्री कपिल शर्मा, श्री शाहजी सहित लगभग 70 ट्रांसपोर्टर सदस्य उपस्थित रहे।

 

इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा इस तरह के जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से ट्रांसपोर्ट क्षेत्र से जुड़े नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया जा रहा है।

keyboard_arrow_up
Skip to content