इंदौर शहर में अपराधों पर नियंत्रण तथा आमजन से बेहतर बेहतर समन्वय हेतु पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत लगातार जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी अनुक्रम में दिनांक 30.01.26 को लसुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत एम.आर.-11 स्थित कनक एवेन्यू कॉलोनी के क्लब हाउस परिसर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा कॉलोनी के रहवासियों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उक्त जनसंवाद में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमरेंद्र सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त श्री पराग सैनी, थाना प्रभारी लसुड़िया श्री तारेश कुमार सोनी एवं लसुड़िया थाने का उपस्थित पुलिस बल मौजूद रहा।
जनसंवाद के दौरान कॉलोनी के रहवासियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता एवं उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग, कॉलोनी की सीमा को कवर्ड/कंट्रोल्ड करने, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था, निजी सुरक्षा गार्डों की भूमिका तथा अन्य संबंधित सुरक्षा उपायों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कॉलोनी के चारों तरफ पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का मौका मुवायना किया गया एवं रहवासियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए एवं नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने स्तर पर भी सतर्कता बरतें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। रहवासियों द्वारा भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे गए, जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया गया तथा आवश्यक कार्यवाही एवं निराकरण का आश्वासन दिया गया।






