- महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों व नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक।
इंदौर- शहर में महिला अपराधों एवं उनकी सुरक्षा, साइबर अपराधों एवं नशे के दुष्परिणाम आदि के प्रति जनजागरुकता हेतु पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में कार्यक्रम व प्रयास किया जा रहे हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था )श्री मयंक अवस्थी , पुलिस उपायुक्त जोन – 02 नगरीय इंदौर श्री अमन सिंह राठौड़ एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन – 02 नगरीय इंदौर श्री अमरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में एसीपी विजयनगर श्री पराग सैनी
के नेतृत्व में थाना प्रभारी विजयनगर चंद्रकांत पटेल व टीम द्वारा विजय नगर क्षेत्र अंतर्गत स्थित बीपीओ कंपनी एयरविनसिबल प्राइवेट लिमिटेड में महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम जागरूकता एवं नशा मुक्ति विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कंपनी के लगभग 300 कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान पुलिस टीम द्वारा महिलाओं से संबंधित अपराधों की जानकारी देते हुए उनके बचाव, सुरक्षा उपायों एवं कानूनी अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित कर्मचारियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर फ्रॉड या स्टॉकिंग जैसी घटनाओं में तुरंत पुलिस को सूचना दें और कानूनी प्रक्रिया का लाभ उठाएं।
साइबर अपराधों के संबंध में प्रतिभागियों को ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, OTP धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के तरीके समझाए गए। साथ ही डिजिटल सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड, संदिग्ध लिंक से बचाव एवं निजी जानकारी साझा न करने के बारे में जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त, नशा मुक्ति विषय पर भी कर्मचारियों को जागरूक करते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज के लिए हानिकारक है और इससे दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन अपनाना आवश्यक है।
महिला उपनिरीक्षक निधि रघुवंशी द्वारा Sexual Harassment of Women at Workplace (Prevention, Prohibition and Redressal)POSH Act, 2013 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं जागरूकता बढ़ाने वाला बताया।
📢 पुलिस की अपील:
पुलिस सभी नागरिकों, विशेषकर महिलाओं से अपील करती है कि वे अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहें, किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। याद रखें—आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।
महिलाओं की सुरक्षा हमारे समाज की प्राथमिकता है, इसलिए बिना डर के अपने अधिकारों का उपयोग करें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता लें।
इंदौर पुलिस सदैव आपकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए तत्पर है।






