- इंदौर पुलिस कमिश्नरेट का “हेलमेट पहनें-सुरक्षित रहें” जनजागरुकता अभियान निरंतर जारी…।
- रोड सेफ्टी सॉन्ग पर बच्चों ने शानदार प्रस्तुति के माध्यम से दिया यातायात नियम पालन व सड़क सुरक्षा का संदेश….
- स्वेच्छा से हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन करने वाले जिम्मेदार वाहन चालकों को किया गया सम्मानित।
इंदौर, 14 अक्टूबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा निरंतर सड़क सुरक्षा जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त यातायात श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आज पलासिया चौराहे पर 37वां ‘हेलमेट पहनें–सुरक्षित रहें’ वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रोड सेफ्टी सॉन्ग पर बच्चों की प्रस्तुति ने दिया जीवन रक्षा का संदेश:- कार्यक्रम के दौरान बीट किलर डांस स्टूडियो के बच्चों ने रोड सेफ्टी सॉन्ग पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति देकर आमजन को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, रेड लाइट का पालन करने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया। पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह ने बच्चों की प्रभावी प्रस्तुति की सराहना करते हुए बच्चों एवं डांस ट्रेनर को पुरस्कृत किया।
नियमों के पालन के लिए जागरूकता के साथ हेलमेट वितरण:- कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा ऐसे युवा, बुजुर्ग एवं जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट प्रदान किए गए, जिनके पास वाहन के आवश्यक दस्तावेज, पंजीयन एवं ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध थे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई करने के बाद उन्हें हेलमेट पहनने की अनिवार्यता और सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में समझाया गया।
वहीं, ऐसे जिम्मेदार वाहन चालक जो स्वेच्छा से हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन करते हुए मिले, उनकी सराहना की गई तथा प्रोत्साहन स्वरूप उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से वाहन चालकों को यह संदेश दिया गया कि हेलमेट दुर्घटना के समय जीवन की रक्षा करने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है।
अब तक 37 कार्यक्रमों में 4,660 से अधिक हेलमेट वितरित :- हेलमेट की उपयोगिता समझाने और दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अब तक 37 हेलमेट जागरूकता एवं वितरण कार्यक्रमों के माध्यम से 4,660 से अधिक हेलमेट जरूरतमंद वाहन चालकों को वितरित किए जा चुके हैं।
कृपया नियमों का पालन करें, सुरक्षित चलें और अपने जीवन के साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रखें।



