- “जनसहयोग से ही शहर में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।” डीसीपी ट्रैफिक ने दिया ये संदेश।
इंदौर शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त यातायात श्री राजेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा नो पार्किंग के विरुद्ध लगातार जागरूकता एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में आज दिनांक को पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी की उपस्थिति में ग्रेटर कैलाश रोड से आनंद बाजार क्षेत्र तक के दुकानदारों, व्यापारी संगठनों एवं रहवासियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान यातायात पुलिस द्वारा नो पार्किंग के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए राजवाड़ा क्षेत्र, जेल रोड सहित शहर के अन्य प्रमुख बाजारों में व्यापारी एवं नागरिक सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं, जिससे आवागमन सुचारु हुआ है।
चर्चा के दौरान यह भी बताया गया कि ग्रेटर कैलाश रोड से आनंद बाजार तक के मार्ग पर कई स्थानों पर दो से तीन लाइन में वाहन खड़े किए जाने की समस्या सामने आती है, जिससे व्यापारिक गतिविधियाँ एवं यातायात दोनों प्रभावित होते हैं।
इस स्थिति में सुधार हेतु सभी से अपील की गई कि नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े न करें तथा केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। बैठक में उपस्थित व्यापारियों एवं रहवासियों ने यातायात पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे अपने-अपने व्हाट्सएप ग्रुप एवं अन्य माध्यमों से क्षेत्र के नागरिकों को जागरूक करेंगे तथा नो पार्किंग में वाहन खड़ा न करने हेतु प्रेरित करेंगे।यातायात पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनसहयोग से ही शहर में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। भविष्य में भी इस प्रकार की सार्थक संवाद हेतु बैठकों के माध्यम से जनजागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।





