• युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले अवैध कारोबारी पान दुकान पर दबिश देकर 18 प्रतिबंधित ई-सिगरेट, 110 हुक्का फ्लेवर पैकेट एवं हुक्का संबंधी उपकरण किए जप्त ।

 

  • पूर्व में भी आरोपी के पुत्र के विरुद्ध प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचने पर हो चुकी है कार्रवाई, इसके बावजूद फिर से कर रहे थे अवैध नशे का कारोबार।

 

इंदौर शहर में युवाओं को नशे एवं प्रतिबंधित व नशीले उत्पादों की गिरफ्त में धकेलने वाले अवैध कारोबारियों के विरुद्ध पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में  पुलिस उपायुक्त जोन-2 के मार्गदर्शन में पुलिस थाना  विजय नगर ने प्रतिबंधित ई-सिगरेट एवं हुक्का सामग्री के अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए एक दुकान संचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।

 

घटना का विवरण-  दिनांक 24.11.2026 को थाना विजय नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि स्कीम नंबर 54 स्थित  पान शॉप पर प्रतिबंधित ई-सिगरेट एवं हुक्का सामग्री का अवैध रूप से विक्रय किया जा रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल दुकान पर दबिश देकर विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दुकान संचालक संजीव जैन उम्र 55 वर्ष के कब्जे से विभिन्न विदेशी ब्रांडों की 18 प्रतिबंधित ई-सिगरेट, 110 हुक्का फ्लेवर पैकेट एवं हुक्का संबंधी उपकरण बरामद किए गए, जिन्हें विधिवत जब्त किया गया।

 

इस मामले में आरोपी के विरुद्ध अपराध  ई-सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 की धारा 4/7 एवं 5/8 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

 

उल्लेखनीय है कि लगभग ढाई वर्ष पूर्व भी आरोपी के पुत्र संगम जैन के विरुद्ध थाना विजय नगर पुलिस द्वारा प्रतिबंधित ई-सिगरेट (Vape) के विक्रय के मामले में कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद संबंधित दुकान से प्रतिबंधित ई-सिगरेट एवं हुक्का सामग्री का अवैध कारोबार वापस से किया जा रहा था।

पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर प्रतिबंधित ई-सिगरेट की आपूर्ति करने वाले सप्लायरों एवं इसकी खरीदी करने वाले व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

इंदौर पुलिस की अपील एवं चेतावनी-

युवाओं के स्वास्थ्य एवं भविष्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिबंधित उत्पादों के अवैध कारोबारियों के विरुद्ध इंदौर पुलिस की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

keyboard_arrow_up
Skip to content