🔹मेले में बिछड़े मासूम बालक के माता-पिता को अल्प समय में ही ढूंढकर, लौटाई उनके चेहरे की मुस्कान।
🔹नशे में वाहन चलाने वाले वाहन चालक पर की कार्यवाही… परेशानी में घिरी युवती की करी तत्काल मदद।
इंदौर। नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं धार्मिक आयोजनों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में शहर के सभी थाना क्षेत्रों में महिला पुलिस बल सहित 15 शक्ति मोबाइल लगातार सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही हैं।
शक्ति मोबाइल की टीमें प्रमुख मंदिरों, भक्ति स्थलों, गरबा पंडालों एवं मेलों के आसपास सतत पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। साथ ही, जरूरतमंदों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्परता से कार्य कर रही हैं।
इसी क्रम मे कल दिनांक को बीती रात्रि में शक्ति मोबाइल की टीमों ने मुस्तैदी एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए प्रभावी कार्यवाही की —
नशे में वाहन चलाने वाले चालक पर कार्यवाही
पीसीआर-6 शक्ति मोबाइल की टीम देवास नाका से तलावली की ओर भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान वॉक्सवैगन शोरूम के पास एक बाइक चालक ने टीम को बताया कि एक सफेद रंग की कार के चालक ने नशे की हालत में वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मारी है तथा अन्य लोगों को भी टक्कर मारने की कोशिश करते हुए कट मारकर निकला है।
सूचना पर तत्काल संबंधित चेकिंग पॉइंट को वाहन के संबंध में जानकारी दी गई। तलावली चेकिंग पॉइंट पर वाहन क्रमांक MP 09 DG 7994 को रोककर चालक की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस द्वारा चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत ड्रिंक एंड ड्राइव का चालान बनाकर वैधानिक कार्यवाही की गई।
कनकेश्वरी मेले में बिछड़े मासूम को 20 मिनट में माता-पिता से मिलाया
कनकेश्वरी मेले में भीड़ के दौरान एक नन्हा मासूम बालक अपने माता-पिता से बिछड़ गया था । इसी दौरान एक आइसक्रीम विक्रेता बालक को पुलिस के पास लेकर पहुंचा। एसीपी हीरा नगर व शक्ति मोबाइल की टीम ने बच्चे को अपनी अभिरक्षा में लेकर उसे शांत कराया और उसके माता-पिता की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए और महज 20 मिनट में बालक को उसके माता-पिता से मिलाकर परिवार के चेहरे पर मुस्कान लौटाई।
बाइक के टायर में फंसा युवती का लहंगा, थी दुर्घटना की आशंका..,शक्ति मोबाइल ने तत्काल की मदद
पीसीआर-1 महिला शक्ति मोबाइल टीम ने क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी तो देखा कि एक युवती का लहंगा बाइक के टायर में फंस गया था, जिससे दुर्घटना की आशंका थी और वह परेशान हो रही थी। टीम ने तत्काल सहायता करते हुए लहंगे को सुरक्षित रूप से टायर से निकलवाने में मदद की और युवती को राहत पहुंचाई।
सुरक्षा के साथ सेवा और संवेदनशीलता व जागरूकता भी
नवरात्रि के दौरान शक्ति मोबाइल की टीमें धार्मिक स्थलों, गरबा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रख रही हैं। इसके साथ ही महिलाओं एवं आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन, महिला अपराधों से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में शक्ति मोबाइल, डायल-112 एवं पुलिस हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
इंदौर पुलिस – संकल्प सुरक्षा का



