▪️*गरबा आयोजन के दौरान अचानक बिगड़ी महिला की तबीयत, शक्ति मोबाइल ने तत्काल अस्पताल पहुँचाकर दिलाई मदद।*
▪️*देर रात्रि में गरबा से लौट रही अकेली युवती को सुरक्षित घर पहुँचाया*
▪️ गरबे में परिवार से बिछड़े एक तीन वर्षीय मासूम को सकुशल माँ से मिलाया।
▪️ जनसंवाद के जरिए महिला सुरक्षा और शक्ति मोबाइल की कार्यप्रणाली के प्रति नागरिकों को किया जागरूक।
इंदौर। नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं धार्मिक आयोजनों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में शहर के सभी थाना क्षेत्रों में महिला पुलिस बल सहित 15 शक्ति मोबाइल लगातार सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही हैं।
शक्ति मोबाइल की टीमें प्रमुख मंदिरों, भक्ति स्थलों, गरबा पंडालों एवं मेलों के आसपास सतत पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। साथ ही, जरूरतमंदों की सहायता, त्वरित रिस्पॉन्स और संवेदनशील परिस्थितियों में आवश्यक कार्यवाही कर रही हैं।
इसी क्रम में बीती रात्रि इंदौर पुलिस की विभिन्न शक्ति मोबाइल टीमों द्वारा निम्नलिखित सराहनीय कार्यवाहियाँ की गईं—
▪️ बीमार महिला को तत्काल अस्पताल पहुँचाया:- थाना गांधी नगर क्षेत्र के माँ कमलेश्वरी गरबा मंडल में एक महिला कौशल देवी की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलीं, शक्ति मोबाइल पीसीआर-3 ने तत्काल मौके पर पहुंच महिला को अस्पताल पहुँचाया और परिजनों को भी सूचना देकर बुलाया।
▪️ गरबा पंडाल के बाहर विवाद पर त्वरित कार्यवाही:- पीसीआर-6 ने शराब के गरबा पंडाल के पास में विवाद कर रहे दो व्यक्तियों को अलग कर समझाइश दी और घर रवाना किया, जिससे आयोजन स्थल पर शांति एवं सुरक्षा बनी रहे।
▪️ अकेली मिली युवती को सुरक्षित घर पहुँचाया:- महिला शक्ति पीसीआर-5 को अभिव्यक्ति गरबा से लौट रही युवती ने सहायता के लिए संपर्क किया। टीम ने उसे सुरक्षित सुभाष नगर स्थित उसके घर पहुँचाया।
▪️ बिछड़े मासूम को माँ से मिलाया:- अभिव्यक्ति गरबा में परिवार से एक तीन वर्षीय बालक बिछड़ गया था, जिसको अपनी अभिरक्षा में लेकर शक्ति पीसीआर-7 एवं थाना खजराना की टीम ने उसके परिजनों को ढूंढकर, बच्चे को सुरक्षित उसकी माँ के सुपुर्द किया।
▪️ संकटग्रस्त बालिका को सुरक्षा एवं संरक्षण:- कैलाद हाला क्षेत्र की 18 वर्षीय बालिका की परिवार से परेशान होकर घर छोड़ने संबंधी सूचना पर महिला शक्ति पीसीआर-6 तत्काल पहुँची। बालिका से बातचीत कर उसे थाने लाया गया तथा उसकी परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यक सहायता एवं परामर्श के लिए वन स्टॉप सेंटर भेजा गया।
▪️ जनसंवाद से महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता:- पुलिस टीमों द्वारा गरबा पंडाल व धार्मिक आयोजन आदि में लोगों के बीच पहुंच उनसे जनसंवाद कर उनको शक्ति मोबाइल की कार्यप्रणाली एवं महिला सुरक्षा हेतु महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर की जानकारी व आवश्यक समझाईश दी जा रही है।



