• आरोपियों ने फरियादी से लगभग 5 लाख रुपए के यूएसडीटी (USDT) एवं मोबाइल लूटा था।

 

  • पकड़े गए मुख्य आरोपियों पर पूर्व में इंदौर शहर में करीबन 2 दर्जन से अधिक अपराध पंजीबद्ध हैं।

 

  • पूर्व में गिरफ्तार तीन आरोपियों के बाद क्राइम ब्रांच ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर फरार आरोपी को सागर से दबोचा।

 

घटना का विवरण

इंदौर क्राइम ब्रांच (पुलिस उपायुक्त कार्यालय) में फरियादी स्नेह पिता राजेश परमार (निवासी द्वारिकापुरी) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने नकली क्राइम ब्रांच पुलिस अधिकारी बनकर उसके घर में जबरन प्रवेश किया और मारपीट की। आरोपी फरियादी और उसके पिता को गाड़ी में बैठाकर लसुड़िया क्षेत्र में ले गए, जहाँ उन्हें डराया-धमकाया गया कि वे फ्रॉड का काम करते हैं और उन्हें जेल भेज दिया जाएगा।

वैधानिक कार्यवाही न करने के एवज में आरोपियों ने फरियादी को डराकर उसके मोबाइल के माध्यम से ट्रेडिंग अकाउंट से 5773 USDT (भारतीय मुद्रा में कीमत करीबन 5,12,000/- रुपये) अन्य खातों में ट्रांसफर करवा लिए और एक मोबाइल भी लूट लिया था। इसके बाद आरोपियों द्वारा और राशि की मांग की जा रही थी, जिससे परेशान होकर फरियादी ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई।

 

पुलिस कार्यवाही-

शहर में हो रहे अपराधों एवं अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त संदिग्धों के विरुद्ध विधिसंगत सख्त कार्यवाही करने हेतु पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा निर्देश दिए गए हैं।

इसी अनुक्रम में क्राइम ब्रांच टीम द्वारा त्वरित वैधानिक कार्यवाही करते हुए पूर्व में आरोपियों के बैंक खाते फ्रीज कराए गए थे और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर तीन मुख्य आरोपियों (दीपक, नीरज और अमन) को गिरफ्तार कर लिया गया था।

प्रकरण की कड़ियों को जोड़ते हुए और विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर, मामले में संलिप्त और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे चौथे आरोपी नितिन लोधी (निवासी सदर बाजार, सागर) का सुराग मिला। क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दबिश दी और फरार आरोपी नितिन लोधी को भी विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।

 

आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे फरियादी पर कई दिनों से नजर रख रहे थे और उन्हें उसकी क्रिप्टो ट्रेडिंग व मुनाफे की जानकारी थी, जिसके बाद उन्होंने मोटी रकम वसूलने की नियत से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया।

सभी आरोपियों के विरुद्धअपराध  पंजीबद्ध किया गया है जिसमें विवेचना के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

 

पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों का विवरण-

  1. दीपक तिवारी नि. लहिया कॉलोनी, हीरानगर, इंदौर (पुराना आपराधिक रिकॉर्ड: 15 अपराध)

 

  1. नीरज तिवारी नि. लहिया कॉलोनी, हीरानगर, इंदौर ( पुराना आपराधिक रिकॉर्ड: 13 अपराध)

 

  1. अमन लखिया नि. स्कीम नं. 54, इंदौर

 

वर्तमान में गिरफ्तार आरोपी –

  1. नितिन लोधी नि. सदर बाजार, सागर, आरोपी ने12 वी कक्षा तक  पढ़ाई की एवं शेयर मार्केट का काम करता है।
keyboard_arrow_up
Skip to content