- वरिष्ठ अधिकारियों का लगातार भ्रमण, पेट्रोलिंग पार्टियों की गश्त और ड्रोन सर्विलांस से बाजारों पर निगरानी
इंदौर, 5 नवंबर 2026। त्योहारों के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर यातायात प्रबंधन एवं निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
त्योहारों के मद्देनजर यातायात के वरिष्ठ अधिकारी लगातार विभिन्न बाजारों एवं प्रमुख मार्गों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं तथा अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुगम यातायात सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। वहीं, पेट्रोलिंग पार्टियों द्वारा लगातार गश्त कर यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
- क्रेन, व्हील लॉक पार्टी एवं पेट्रोलिंग टीम सक्रिय:- प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात बाधित करने वाले वाहनों के विरुद्ध क्रेन सपोर्ट टीम एवं व्हील लॉक पार्टी द्वारा कार्रवाई की जा रही है। नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
- ड्रोन सर्विलांस से प्रमुख बाजारों की निगरानी:- यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रमुख एवं व्यस्त बाजारों तथा मार्गों पर ड्रोन सर्विलांस के माध्यम से निगरानी की जा रही है। यातायात बाधित करने वाले वाहनों की पहचान कर मौके पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
- माइक अनाउंसमेंट के माध्यम से जागरूकता:- यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों एवं दुकानदारों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। माइक अनाउंसमेंट के माध्यम से अपील की जा रही है कि नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े न करें तथा सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित न करें, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
यातायात प्रबंधन पुलिस अपील करती है कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें। यातायात संबंधी समस्या की सूचना ट्रैफिक हेल्पलाइन 7049107620 पर दें तथा यातायात संबंधी अन्य सुविधाओं के लिए इंदौर ट्रैफिक साथी एप्लिकेशन डाउनलोड करें।
आपके सुगम एवं सुरक्षित यातायात के लिए सदैव तत्पर। यातायात प्रबंधन पुलिस, महानगर इंदौर


