• यातायात निरीक्षक ने हेलमेट पहनकर सफर कर रहे दंपति की सराहना कर, बच्ची को उपहार देकर किया प्रोत्साहित

 

इंदौर। त्योहारों के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंदौर यातायात पुलिस पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी कर रही है। इसके साथ ही यातायात पुलिस द्वारा नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास भी किए जा रहे हैं।

 

इसी क्रम में देर रात यातायात ड्यूटी के दौरान यातायात निरीक्षक लक्ष्मी धारवे की नजर दोपहिया वाहन पर सवार एक परिवार पर पड़ी। इस परिवार में पति-पत्नी के साथ उनकी छोटी बच्ची भी मौजूद थी और विशेष बात यह थी कि तीनों ने हेलमेट पहन रखा था।

 

यातायात निरीक्षक लक्ष्मी धारवे ने परिवार को रोककर उनके इस जिम्मेदार एवं सराहनीय व्यवहार की प्रशंसा की। उन्होंने वाहन चालक से पूछा कि परिवार के सभी सदस्यों के हेलमेट पहनने की प्रेरणा उन्हें कहां से मिली? इस पर वाहन चालक ने सहजता से बताया कि हेलमेट हमारी सुरक्षा के लिए है और जब हम स्वयं यातायात नियमों का पालन करते हैं, तो हमारे बच्चे भी हमसे सीखते हैं।

 

परिवार की इस सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिक होने के भाव से प्रभावित होकर यातायात निरीक्षक लक्ष्मी धारवे ने बच्ची को प्रोत्साहन स्वरूप एक खिलौना उपहार में दिया तथा परिवार के इस प्रेरणादायक प्रयास के लिए इंदौर यातायात पुलिस की ओर से धन्यवाद भी व्यक्त किया।

keyboard_arrow_up
Skip to content