- स्थानीय तस्करों से लेकर अंतर्राज्यीय सप्लायरों तक कसा शिकंजा।
- थाना जूनी इंदौर, राजेंद्र नगर एवं हीरानगर पुलिस ने लाखों रुपए कीमत की 52 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 04 आरोपियों को पकड़ा।
- क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्करी के दो अलग-अलग नेटवर्क की बैकवर्ड ट्रेसिंग कर, ₹10 हजार के इनामी फरार आरोपी सहित 02 सप्लायरों को लिया गिरफ्त में।
- गिरफ्तार आरोपियों से कुल 52 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल व मोबाइल सहित लाखों रुपए कीमत का मश्रुका किया जप्त।
इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी एवं नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के दिशा-निर्देशन में इंदौर पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाकर नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में इंदौर पुलिस की विभिन्न थाना एवं क्राइम ब्रांच की टीमों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जूनी इंदौर, राजेंद्र नगर एवं हीरानगर पुलिस द्वारा 04 आरोपियों को लाखों रुपए कीमत की कुल 51.52 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया, वहीं क्राइम ब्रांच ने पूर्व में दर्ज दो एनडीपीएस प्रकरणों की बैकवर्ड ट्रेसिंग करते हुए ₹10,000 के इनामी फरार आरोपी सहित 02 सप्लायरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
🔸 पुलिस थाना जूनी इंदौर द्वारा 17 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ आरोपी गिरफ्तार-
दिनांक 19.11.2026 को थाना जूनी इंदौर पुलिस द्वारा संदिग्धों की चेकिंग एवं भ्रमण के दौरान माणिकबाग ब्रिज, बद्रीबाग के सामने रेलवे पटरी किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम आशीष सैनी, इंदौर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 17 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
🔸पुलिस थाना राजेंद्र नगर ने 22 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपी किए गिरफ्तार- दिनांक 19.11.2026 को थाना राजेंद्र नगर पुलिस द्वारा क्षेत्र में भ्रमण एवं संदिग्धों की चेकिंग के दौरान चमेली देवी स्कूल के पास, केसरबाग रोड के सुनसान इलाके में मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर प्रतीक सेतु के नीचे फिल्टर प्लांट के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम 1. हेमंत चौधरी, इंदौर एवं 2. मनोज सिंह ठाकुर, इंदौर बताए। तलाशी में दोनों के कब्जे से कुल 22 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया तथा दो मोबाइल एवं तस्करी में प्रयुक्त टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल भी जप्त की है।
🔸 पुलिस थाना हीरानगर ने 12.52 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ आदतन अपराधी को लिया हिरासत में-
दिनांक 19.11.2026 को थाना हीरानगर पुलिस द्वारा क्षेत्र भ्रमण एवं संदिग्धों की चेकिंग के दौरान शक्करखेड़ी, भानगढ़ क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को पुलिस देखकर भागने का प्रयास करते हुए घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी में उसके कब्जे से 12.52 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई।
आरोपी की पहचान रवि मिश्रा, , इंदौर के रूप में हुई। आरोपी के विरुद्ध अपराध धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। उक्त आरोपी आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में छोटी ग्वालटोली एवं बाणगंगा थानों में मारपीट, विवाद, लैंगिक अपराधों एवं एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध हैं।
🔸 क्राइम ब्रांच इंदौर — एमडी ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की बैकवर्ड ट्रेसिंग कर राजस्थान के सप्लायर को पकड़ा- क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा पूर्व में दिनांक 13.11.2026 को रेलवे माल गोदाम, रेलवे पटरी के पास (पोलो ग्राउंड), इंदौर में कार्रवाई करते हुए आरोपी तोफीक खान, इंदौर को 13.08 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार कर अपराध धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था, जिसकी बैकवर्ड ट्रेसिंग के दौरान राजस्थान के झालावाड़ जिले से दो सप्लायर उमर अली एवं शोएब उर्फ भूरा को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क में शामिल सह-आरोपी नवीन नागर, निवासी जिला झालावाड़, राजस्थान की संलिप्तता सामने आई। क्राइम ब्रांच टीम द्वारा त्वरित पतारसी कर उसे घेराबंदी कर पकड़ा गया तथा प्रकरण में धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तार किया गया।
🔸 क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा ₹10 हजार का इनामी फरार ड्रग्स सप्लायर गिरफ्तार-
क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा पूर्व में दिनांक 02.05.2026 को पत्थर गोदाम रोड, इंदौर पर घेराबंदी कर 1. नावेद खान, एवं 2. मुमताज, , दोनों निवासी जिला रतलाम को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के कब्जे से 159 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स, 990 ग्राम डोडाचूरा एवं एक मोटरसाइकिल जब्त कर अपराध धारा 8/15 एवं 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।
प्रकरण की विवेचना एवं बैकवर्ड ट्रेसिंग के दौरान जिला रतलाम निवासी भईयू उर्फ शमशेर की अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं सप्लाई नेटवर्क में संलिप्तता सामने आई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर ₹10,000/- का इनाम घोषित किया गया था।
क्राइम ब्रांच टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की मदद से फरार आरोपी की पतारसी कर घेराबंदी करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट का इजाफा कर आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इंदौर पुलिस द्वारा गिरफ्तार सभी आरोपियों से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, इनके स्रोत, सप्लायर एवं तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। प्रकरणों में अग्रिम विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इंदौर पुलिस का स्पष्ट संदेश — नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। नशे के नेटवर्क पर प्रहार और तस्करों पर लगातार वार जारी रहेगा।


