- पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह एवं विधायक श्री महेंद्र हार्डिया ने सामुदायिक सीसीटीवी कैमरों का लोकार्पण कर, सुरक्षित इंदौर की दिशा में बताई एक नई मिसाल।
- जनभागीदारी से इंदौर में बन रहा है सुरक्षा का अभेद्य नेटवर्क – शहर में आमजन द्वारा 646 स्थानों पर 1,926 सीसीटीवी कैमरें किए हैं स्थापित, जिनसे हो रही कड़ी निगरानी।
- जनप्रतिनिधियों, रहवासियों, व्यवसायियों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से मजबूत हो रही शहर की सुरक्षा व्यवस्था।
इंदौर – दिनांक 19 नवंबर 2026 । शहर में नागरिकों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस के मार्गदर्शन में, सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जनसहभागिता से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं।
इसी पहल की अगली कड़ी में आज पुलिस थाना तुकोगंज क्षेत्रांतर्गत गोमा की फेल में जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय रहवासियों के सहयोग से स्थापित किए गए 42 सामुदायिक सीसीटीवी कैमरों का लोकार्पण पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह एवं क्षेत्रीय विधायक श्री महेंद्र हार्डिया द्वारा किया गया।
उल्लेखनीय है कि थाना तुकोगंज क्षेत्र की सघन बस्ती गोमा की फेल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 12 अलग-अलग स्थानों पर ये 42 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इसके पूर्व थाना क्षेत्र में एमजी रोड सराफा एसोसिएशन एवं अन्य के सहयोग से पलासिया चौराहे से रीगल चौराहे एवं लैंटर्न चौराहा क्षेत्र तक विभिन्न स्थानों पर 82 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं।
इस प्रकार अब थाना तुकोगंज क्षेत्र में जनसहयोग से कुल 124 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। इन कैमरों का संचालन आमजन ही करेंगे और इसकी फीड पुलिस थाना तुकोगंज में भी उपलब्ध रहेगी, जिससे पुलिस द्वारा क्षेत्र की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, आपराधिक घटनाओं की रोकथाम एवं अपराधों के अनावरण में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
जनसहभागिता सुरक्षित शहर की मजबूत आधारशिला –पुलिस कमिश्नर इंदौर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इंदौर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में आमजन की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है। पुलिस द्वारा नागरिकों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारिक संगठनों के सहयोग से सामुदायिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की पहल प्रारंभ की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत अब तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 646 स्थानों पर कुल 1,926 सीसीटीवी कैमरे, लगभग 1 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से जनसहयोग के माध्यम से स्थापित किए जा चुके हैं। इसी क्रम में थाना तुकोगंज क्षेत्र के गोमा की फेल में भी नागरिकों ने आगे आकर कैमरे स्थापित करवाए हैं।
उन्होंने कहा कि इंदौर के नागरिक शहर की प्रत्येक अच्छी पहल में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हैं। जनसहयोग से स्थापित ये कैमरे न केवल अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की निगरानी में सहायक होंगे, बल्कि आमजन में सुरक्षा का विश्वास भी और मजबूत करेंगे। पुलिस एवं जनता का यह आपसी समन्वय बेहतर पुलिसिंग और सुरक्षित शहर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री महेंद्र हार्डिया ने कहा कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। आमजन हमेशा पुलिस के साथ खड़ा है और भविष्य में भी इस प्रकार की जनहितकारी पहलों में पूरा सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह एवं माननीय विधायक श्री महेंद्र हार्डिया सहित अधिकारियों ने गोमा की फेल पहुंचकर स्थापित सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याएं एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यकताएं जानीं।
इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इंदौर पुलिस मोहल्ला समिति बैठकों के माध्यम से लगातार आमजन के बीच पहुंचकर बेहतर समन्वय स्थापित कर रही है। उन्होंने नागरिकों से जागरूक एवं सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध अथवा अवैधानिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही आश्वस्त किया कि ऐसी सूचनाओं पर पुलिस द्वारा प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) श्री मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त ज़ोन-03 श्री अभिषेक रंजन, क्षेत्रीय पार्षद श्री नंदकिशोर पहाड़िया सहित जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, रहवासी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस उपायुक्त ज़ोन-03 श्री अभिषेक रंजन द्वारा सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं इस जनहितकारी पहल में सहयोग प्रदान करने वाले नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



