- मोडिफाइड साइलेंसर वाहनों पर कार्रवाई, फोटो क्लिक से भी बनेगा चालान
“भागकर नहीं बच पाएंगे उल्लंघनकर्ता”
इंदौर। शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में चौराहों पर व्यवस्था के साथ नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी ने शहर के प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया। घंटाघर चौराहा पर यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने रॉन्ग साइड ड्राइविंग, रेड लाइट जंप, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने, लेफ्ट टर्न बाधित करने तथा मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
यातायात पुलिस द्वारा मोडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट सहित नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। ऐसे वाहन जो तेज आवाज करने वाले या निर्धारित मानकों से अलग मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग कर रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिसकर्मी चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की फोटो भी क्लिक कर रहे हैं। मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने, लेफ्ट टर्न बाधित करने, रॉन्ग साइड आने तथा अन्य यातायात उल्लंघनों की फोटो लेकर संबंधित वाहन के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
चौराहों पर ड्रोन से भी यातायात व्यवस्था की निगरानी की गई। ड्रोन एवं फोटो के माध्यम से निगरानी का उद्देश्य वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश देना है कि यातायात नियम तोड़कर मौके से निकल जाना कार्रवाई से बचने की गारंटी नहीं है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे रेड लाइट का पालन करें, रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही साइलेंसर का उपयोग करें। नियमों का पालन कर स्वयं भी सुरक्षित रहें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में सहयोग करें।


