- इंदौर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ई-रिक्शा चोरी की 12 वारदातों का हुआ खुलासा।
- आरोपियों से 07 चोरी की ई-रिक्शा व 69 बैटरियों सहित, लगभग ₹13.90 लाख का मश्रुका किया जप्त।
- आरोपी ई-रिक्शा चोरी कर उनकी बैटरियां निकालकर बेच देते थे तथा रिक्शा को लावारिस हालत में छोड़कर हो जाते थे फरार।
इंदौर – शहर में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री मयंक अवस्थी एवं पुलिस उपायुक्त जोन-03 श्री अभिषेक रंजन द्वारा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री ओमप्रकाश एवं सहायक पुलिस आयुक्त श्रीमती नीति राजेश दण्डोतिया के मार्गदर्शन में थाना संयोगितागंज पुलिस को लगातार हो रही ई-रिक्शा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं आरोपियों की धरपकड़ हेतु कार्ययोजना बना विशेष टीम गठित कर लगाया गया था।
पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी पतारसी करते हुए दो आरोपियों 1. उज्ज्वल चौरसिया, इंदौर एवं 2. नरोत्तम चौहान, इंदौर को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने इंदौर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पी.सी. सेठी अस्पताल के पास, चिड़ियाघर के पास, एमवायएच अस्पताल परिसर, रोबोट चौराहा, महू नाका चौराहा, चोइथराम मंडी, कनकेश्वरी गरबा मैदान एवं मेघदूत गार्डन के सामने सहित अन्य स्थानों से 15 ई-रिक्शा चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।
आरोपियों द्वारा चोरी किए गए ई-रिक्शा की बैटरियां निकालकर बेच दी जाती थीं तथा ई-रिक्शा को शहर में ही किसी सुनसान स्थान पर लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो जाते थे।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की निशानदेही पर थाना संयोगितागंज क्षेत्र से चोरी किए गए 07 ई-रिक्शा एवं उनकी 29 बैटरियां तथा शहर के अन्य थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 40 बैटरियां बरामद की गईं। इस प्रकार कुल 69 बैटरियां एवं 07 ई-रिक्शा, अनुमानित कीमत ₹13,90,000/- (तेरह लाख नब्बे हजार रुपये) का मश्रुका जब्त किया गया।
पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से थाना संयोगितागंज क्षेत्र में ई-रिक्शा चोरी के 07 अपराधों सहित इंदौर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। आरोपियों से अन्य वारदातों एवं चोरी की संपत्ति के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
सराहनीय भूमिका- उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मैडा, उनि नरेन्द्र जैसवार, सउनि ऋषि सिंह, प्रआर. 946 संदीप बडुक्या, आर. 1604 विजय, आर. 3431 राघवेन्द्र राजावत, आर. 2164 विशाल एवं आर. 633 राघवेन्द्र सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


