• सेक्टर वितरण का उद्देश्य शहर में ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाना है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो।

 

इंदौर शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 16 मार्च को डीसीपी ट्रैफिक ऑफिस पलासिया में ई-रिक्शा संचालन व्यवस्था संबंधी एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।

 

पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी की उपस्थित में बैठक में यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्य श्री शरद नाईक, बैटरी ई-रिक्शा संघ के अध्यक्ष श्री राजेश बिडकर तथा ई-रिक्शा प्रतिनिधि, मीडिया बन्धु उपस्थित रहे।

 

पुलिस उपायुक्त श्री त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि शहर में ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं नियंत्रित करने के उद्देश्य से निम्न व्यवस्थाएं लागू की जाएगी :

  1. शहर का जोनवार विभाजन :- ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने हेतु शहर को संबंधित यातायात के 4 जोन के आधार पर 4 सेक्टरो में विभाजित किया जाएगा।

 

  1. जोनवार पहचान हेतु रंग निर्धारण:- प्रत्येक जोन के ई-रिक्शाओं की छत (हूड) का रंग अलग-अलग निर्धारित किया जाएगा, जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सके।

जोन 1 – नीला (ब्लू)

जोन 2 – पीला (येलो)

जोन 3 – लाल (रेड)

जोन 4 – सफेद (व्हाइट)

 

  1. सेक्टर आवंटन प्रक्रिया:- ई-रिक्शाओं को जोन/सेक्टर का आवंटन “पहले आओ, पहले पाओ” (फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व) के आधार पर किया जाएगा।
  2. एक मालिक के एकाधिक ई-रिक्शा:- यदि किसी व्यक्ति के पास एक से अधिक ई-रिक्शा हैं, तो उसके सभी ई-रिक्शाओं को अलग-अलग जोन में आवंटित किया जाएगा, जिससे किसी एक क्षेत्र में अत्यधिक दबाव न बने।

 

  1. पंजीयन हेतु निर्धारित प्रोफार्मा:- ई-रिक्शा पंजीयन के लिए एक निर्धारित प्रोफार्मा उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके अनुसार सभी आवेदकों को आवश्यक जानकारी भरकर पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।

 

  1. दस्तावेजों की अनिवार्यता:- ई-रिक्शा का पंजीयन केवल तभी किया जाएगा जब वाहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण एवं वैध होंगे।
  2. पंजीयन की समय-सीमा:- आगामी 10 दिवस के भीतर शहर में संचालित सभी ई-रिक्शाओं का पंजीयन पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।

 

  1. पंजीयन हेतु स्थान एवं व्यवस्था:- ई-रिक्शा पंजीयन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने हेतु जोन के अनुसार पंजीयन स्थान निर्धारित किए गए हैं- जोन 1 एवं जोन 4 के ई-रिक्शाओं का पंजीयन ट्रैफिक थाना पश्चिम (महूनाका) में किया जाएगा। जोन 2 एवं जोन 3 के ई-रिक्शाओं का पंजीयन ट्रैफिक थाना पूर्व ( MTH कंपाउंड) में किया जाएगा।

पंजीयन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पुलिस विभाग की ओर से प्रत्येक स्थान पर एक-एक अधिकारी/कर्मचारी को नामित किया जाएगा, जो इस प्रक्रिया में समन्वय एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।

 

  1. समय-सीमा के बाद चालानी कार्यवाही:- निर्धारित पंजीयन अवधि समाप्त होने के पश्चात जिन ई-रिक्शाओं का पंजीयन नहीं होगा, उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

 

  1. पारदर्शिता एवं सुरक्षा व्यवस्था:- सभी ई-रिक्शाओं को पीछे की ओर से खुला रखा जाएगा, ताकि वाहन के अंदर की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें।

उपरोक्त व्यवस्थाओं का उद्देश्य शहर में ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाना है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाकर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा ई-रिक्शा संचालन को नियमबद्ध करने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

यातायात पुलिस द्वारा सभी ई-रिक्शा चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें तथा शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content