• यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर हो रही वैधानिक कार्रवाई

 

  • नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से मजबूत हो रही इंदौर की यातायात व्यवस्था, शिकायतों के निराकरण में यातायात पुलिस को मिल रही सहायता ।

 

इंदौर, 16 नवंबर 2026।इंदौर शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर के दिशा निर्देशन में इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा संचालित इंदौर ट्रैफिक साथी एप्लीकेशन एवं व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 7049107620 के माध्यम से आम नागरिक अब बढ़-चढ़कर यातायात नियमों के उल्लंघन एवं यातायात संबंधी समस्याओं की जानकारी यातायात पुलिस तक पहुंचा रहे हैं।

 

नागरिकों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के फोटो एवं वीडियो तथा यातायात बाधित होने जैसी समस्याओं की सूचनाएं इन डिजिटल माध्यमों से साझा की जा रही हैं। प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं का यातायात पुलिस की टीम द्वारा परीक्षण किया जाता है। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

इंदौर ट्रैफिक साथी एप्लीकेशन के माध्यम से अब तक कुल 2,218 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 1,853 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। वर्तमान में 3 शिकायतें प्रक्रियाधीन हैं तथा 355 शिकायतें अन्य नगरीय क्षेत्रों से संबंधित अथवा फोटो/वीडियो क्लियर नहीं होने के कारण कार्रवाई योग्य नहीं पाई गई हैं।

 

👉  दिनांक 15 नवंबर को एप्लीकेशन के माध्यम से कुल 120 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें प्रमुख रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाना, रॉन्ग पार्किंग, फैंसी नंबर प्लेट, स्टंटबाजी, मोबाइल फोन का उपयोग एवं अन्य यातायात उल्लंघन शामिल हैं। प्राप्त शिकायतों के आधार पर अधिकांश में त्वरित कार्यवाही की गई है।

एप्लीकेशन से जुड़ने वाले नागरिकों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है। वर्तमान में कुल 11,275 यूजर्स रजिस्टर हैं, जिनमें 15 नवंबर को 1,187 नए यूजर्स जुड़े।

इसी प्रकार यातायात पुलिस की व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर भी नागरिक लगातार यातायात संबंधी शिकायतें एवं सूचनाएं साझा कर रहे हैं।

दिनांक 15 नवंबर को हेल्पलाइन पर प्राप्त 21 शिकायतों में से 18 का निराकरण किया गया तथा 3 शिकायतें लंबित हैं जिन पर कार्य किया जा रहा। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर वाहनों के ई-चालान भी किए गए।

22 सितंबर 2025 से 15 नवंबर 2026 तक हेल्पलाइन पर कुल 4,937 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 4,904 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है ।

आम नागरिकों से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ शहर में कहीं भी यातायात नियमों का उल्लंघन, अव्यवस्थित पार्किंग अथवा यातायात बाधित होने जैसी स्थिति दिखाई देने पर उसकी जानकारी इंदौर ट्रैफिक साथी एप्लीकेशन एवं व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर साझा करें।

keyboard_arrow_up
Skip to content