- आरोपी के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ 59 ग्राम ब्राउन शुगर (अनुमानित कीमत ₹ 1.20 लाख), जप्त।
- आरोपी द्वारा अन्य शहरों से कम कीमत पर अवैध मादक पदार्थ लाकर, शहर में अधिक दामों में विक्रय करना किया स्वीकार।
इंदौर शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं इनकी गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर द्वारा दिए गए है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-04 श्री सुनील मेहता व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-04 श्री दीशेष अग्रवाल एवं सहायक पुलिस आयुक्त अन्नपूर्णा श्री शिवेंदु जोशी के मार्गदर्शन में थाना चंदन नगर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
क्षेत्र में अवैधानिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु थाना प्रभारी चंदन नगर द्वारा विशेष टीम गठित कर अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय एवं इसमें संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में गोपनीय सूचना संकलित की जा रही थी।
इसी क्रम में थाना चंदन नगर पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र के हॉट स्पॉट एवं शेडो एरिया में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश एवं पतारसी के दौरान सिंहासा पावर हाउस आईटी पार्क क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा तत्परता से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम शाहरुख उर्फ बुड्ढन निवासी केशव नगर सिरपुर, थाना चंदन नगर, इंदौर बताया, जिसकी विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12.59 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है तथा नशे की लत पूरी करने और शीघ्र आर्थिक लाभ अर्जित करने एवं कर्ज चुकाने की मंशा से ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त करता था। उसने यह भी बताया कि वह मंदसौर, रतलाम एवं उज्जैन क्षेत्र से कम कीमत पर मादक पदार्थ लाकर छोटे-छोटे पैकेट तैयार कर अधिक कीमत पर बेचता था।
आरोपी के विरुद्ध थाना चंदन नगर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में मादक पदार्थों के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की जा रही है तथा संलिप्त पाए जाने वाले अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी-
शाहरुख उर्फ बुड्ढन निवासी केशव नगर सिरपुर, थाना चंदन नगर, इंदौर।
जप्त मश्रुका
12.59 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर (अनुमानित कीमत लगभग ₹ 1,20,000/-)
सराहनीय भूमिका-
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक तिलक कारोले, उप निरीक्षक मनोज भदौरिया, साबिर मंसूरी, प्रधान आरक्षक बलराम चौहान, जितेंद्र सोलंकी तथा आरक्षक धीरज पाण्डेय, हरि सिंह राजपूत, अनिल मकवाना, सुनील सोनी एवं अरुण जाट की अहम भूमिका रही।





