- हरियाणा की रोहतक साइबर क्राइम पुलिस के साथ थाना एमआईजी इंदौर की संयुक्त कार्यवाही।
- ट्रेडिंग सॉफ्टवेयर खरीदने के नाम पर ₹5,33,994/- की साइबर धोखाधड़ी के प्रकरण में वांछित था आरोपी।
इंदौर – शहर में अपराधों पर नियंत्रण हेतु इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के साथ-साथ अन्य राज्यों की पुलिस को भी त्वरित सहयोग प्रदान कर कार्यवाही की जा रही है। इसी अनुक्रम में पुलिस थाना एमआईजी द्वारा हरियाणा की रोहतक पुलिस के साथ संयुक्त कार्यवाही कर, हरियाणा के साइबर धोखाधड़ी के प्रकरण में वांछित आरोपी को पकड़ा गया है ।
घटना का संक्षिप्त विवरण- थाना साइबर सेक्टर-14, जिला रोहतक (हरियाणा) में अपराध धारा 318(4), 336(3), 338, 340 एवं 61 के अंतर्गत ट्रेडिंग सॉफ्टवेयर खरीदने के नाम पर ₹5,33,994/- की साइबर धोखाधड़ी का प्रकरण पंजीबद्ध है। उक्त प्रकरण में वांछित आरोपी की तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए दिनांक 13.11.2026 को रोहतक साइबर अपराध पुलिस की टीम इंदौर आई थी।
अंतर्राज्यीय अपराधों में प्रभावी समन्वय एवं अन्य राज्यों की पुलिस को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के दिशा निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी एमआईजी श्रीमती नीतू सिंह गुर्जर द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर रोहतक साइबर अपराध पुलिस टीम के साथ समन्वय स्थापित किया गया।
संयुक्त पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए इंदौर के नेहरू नगर क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां से प्रकरण में वांछित आरोपी मयंक चंद्रावत निवासी इंदौर को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई रोहतक साइबर अपराध पुलिस द्वारा की जा रही है।
उक्त कार्यवाही में थाना एमआईजी पुलिस टीम ने रोहतक साइबर अपराध पुलिस के साथ उत्कृष्ट समन्वय एवं तत्परता का परिचय देते हुए संयुक्त कार्रवाई को सफल बनाया तथा साइबर धोखाधड़ी के प्रकरण में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


